हिमप्रस्थ हुंकर

निष्पक्ष एवं निर्भीक आवाज

उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों व आश्रितों के कल्याण की योजनाओं को दी जाएगी नई गति: ब्रिगेडियर बसेड़ा

उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों व आश्रितों के कल्याण की योजनाओं को दी जाएगी नई गति: ब्रिगेडियर बसेड़ा
​पिथौरागढ़,
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास परिसर पिथौरागढ़ में आज निदेशक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, उत्तराखंड ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा, सेना मेडल, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने जनपद के पूर्व सैनिकों के साथ एक विशेष भेंटवार्ता एवं संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों तथा उनके आश्रितों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और सभी पूर्व सैनिकों को इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जनपद के 98 पूर्व सैनिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
​जिला सैनिक कल्याण अधिकारी करम सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशक ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा पूर्व में केंद्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली में सचिव के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत रहते हुए देशभर के भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण एवं उत्थान के लिए उल्लेखनीय योगदान दे चुके हैं। वह गत 8 सितंबर 2026 से उत्तराखंड में निदेशक सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
​संवाद के दौरान निदेशक ब्रिगेडियर बसेड़ा ने आश्वस्त किया कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं को धरातल पर और अधिक प्रभावी व तीव्र गति से लागू किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित सैनिकों को भारतीय सेना के उच्च आचरण, निष्ठा और अनुशासन के समृद्ध मूल्यों का स्मरण कराते हुए जीवन में सदैव प्रसन्न, आत्मविश्वासी और निर्भीक रहने के लिए प्रेरित किया।
​निदेशक के जनपद भ्रमण एवं पूर्व सैनिकों के साथ सीधे संवाद से उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों में भारी उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। पूर्व सैनिकों ने भी सैनिक कल्याण से जुड़े कार्यों में विभाग का पूर्ण सहयोग करने तथा सैनिक परिवार के हित में एकजुट होकर कार्य करने का दृढ़ आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *