कैंची धाम जाने से पहले पढ़ लें यह खबर वीकेंड पर 17 और 18 अक्टूबर को ट्रैफिक प्लान में बड़ा बदलाव
नैनीताल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में आगामी वीकेंड 17 और 18 अक्टूबर को लेकर पुलिस और प्रशासन ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की अत्यधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए दो दिवसीय ट्रैफिक और रूट डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।
नैनीताल पुलिस ने सभी वाहन चालकों और पर्यटकों से यात्रा के दौरान असुविधा से बचने के लिए इस ट्रैफिक प्लान का पालन करने की अपील की है।
भारी वाहनों पर पूरी तरह से रोक
समयसीमा प्रात3बजे से रात्रि 11 बजे तक समस्त प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
चेकिंग व्यवस्था: सभी भारी वाहनों को जनपद (नैनीताल) की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा।
बसें और छोटे वाहन (सुबह 5बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन)
1. मैदानी क्षेत्रों (हल्द्वानी/काठगोदाम) से जाने वाले वाहन:
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले वाहन: खुटानी बैंड (भीमताल) से धारी, धानाचूली बैंड होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना की ओर जाने वाले वाहन: सैनिटोरियम से वाया रातीघाट मार्ग होकर जाएंगे।
2. पहाड़ों से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहन:
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले वाहन: वाया लमगड़ा, धानाचूली, धारी और खुटानी बैंड (भीमताल) होते हुए नीचे उतरेंगे।
रानीखेत की ओर से आने वाले वाहन: वाया क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड (भीमताल) होते हुए मैदानी क्षेत्रों को जाएंगे।
पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग और शटल सेवा
भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक जो लोग निजी वाहनों से वाया भीमताल होकर कैंची धाम जाना चाहते हैं, उनके वाहन विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में पार्क कराए जाएंगे। यहाँ से उन्हें स्थानीय शटल सेवा (बस/टैक्सी) के ज़रिए भवाली व कैंची धाम भेजा जाएगा।
गेठिया/नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक: जो श्रद्धालु गेठिया या नैनीताल होकर कैंची धाम जा रहे हैं, उनके वाहन भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे। वहाँ से कैंची धाम मंदिर के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
टैक्सी व दुपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल शहर में बाहरी टैक्सी एवं दुपहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन की अपील: नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम जनमानस से अनुरोध किया है कि असुविधा और जाम से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का पालन करें और शटल सेवा का उपयोग करें।



