• कुँवारी में एन.सी.डी. और एनीमिया की स्क्रीनिंग, मुफ्त दवाइयां वितरित
• मिल्खाडूगरचा विद्यालय में आयुष आउटरीच शिविर, डॉ. विजय कुमार ने दिए सेहतमन्द जीवनशैली के टिप्स
बागेश्वर,
जनपद में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को सुदूरवर्ती क्षेत्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में स्वास्थ्य जागरूकता तथा निशुल्क जांच शिविरों का आयोजन किया गया। ग्राम कुँवारी तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय मिल्खाडूगरचा में आयोजित पृथक-पृथक शिविरों के माध्यम से 50 से अधिक ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया गया।
ग्राम कुँवारी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर बदियाकोट की ओर से आयोजित शिविर में 15 ग्रामीणों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस दौरान गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) जैसे उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) एवं मधुमेह (डायबिटीज) की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही, ग्रामीणों का हीमोग्लोबिन टेस्ट कर उन्हें एनीमिया के कारणों व रोकथाम की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य टीम ने लोगों को संतुलित व पौष्टिक आहार, आयरनयुक्त खाद्य पदार्थों के सेवन, दैनिक जीवन में नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति प्रेरित किया। शिविर में आए जरूरतमंद मरीजों को लिवर सिरप, अल्फा सिरप एवं होम्योपैथिक आई ड्रॉप्स का निशुल्क वितरण भी किया गया। यह शिविर निदेशक (होम्योपैथिक चिकित्सा सेवाएं, उत्तराखंड) डॉ. जे.एल. फिरमाल तथा प्रभारी जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखा सम्मल के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
आयुर्वेद व दिनचर्या से स्वस्थ रहने की सलाह
उधर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय मिल्खाडूगरचा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) रातिरकेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय आउटरीच शिविर का आयोजन किया गया, जिससे 35 बच्चे व स्थानीय लोग लाभान्वित हुए।
शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विजय कुमार ने छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद के महत्व एवं उसकी उपादेयता से रूबरू कराया। उन्होंने आधुनिक खान-पान में बढ़ते जंक फूड के दुष्प्रभावों के प्रति आगाह करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, अनुशासित दिनचर्या, ऋतुचर्या, योगाभ्यास तथा ‘विरुद्ध आहार-विहार’ के सिद्धांतों पर विस्तृत प्रकाश डाला। जागरूकता सत्र के उपरांत चिकित्सकों की टीम द्वारा सभी बच्चों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व ग्रामीण उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान: बागेश्वर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 50 से अधिक ग्रामीण व छात्र-छात्राएं हुए लाभान्वित




Leave a Reply